-वाहन चेकिंग के दौरान दो हिस्ट्रीशीटरों ने पुलिस पर किया दरांती से हमला, मुठभेड़ में दोनों ढेर
चेन्नई।सम्वाददाता।
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में मंगलवार (1 अगस्त) को वाहन चेकिंग के दौरान बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस के ऊपर हमला कर दिया, जिसकी जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों बदमाशों को ढेर कर दिया। पुलिस ने कहा कि यह घटना मंगलवार सुबह चेन्नई के बाहरी इलाके में हुई।
चेन्नई पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने एक पुलिस अधिकारी के ऊपर दरांती से हमला किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। पुलिस ने आगे बताया कि यह घटना चेन्नई के बाहरी इलाके गुडुवनचेरी में हुई।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक एक अधिकारी ने कहा, “आज सुबह 3.30 बजे दो हिस्ट्रीशीटरों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों बदमाशों ने चेन्नई के बाहरी इलाके गुडुवनचेरी में वाहनों के नियमित चेकिंग के दौरान ऑन-ड्यूटी पुलिस कर्मियों पर दरांती से हमला किया था।”
चेन्नई पुलिस ने एक बयान में कहा कि सुबह करीब साढ़े तीन बजे गुडुवनचेरी के पास दोनों बदमाशों ने दरांती से पुलिस एसआई के ऊपर हमला किया और उनकी जान लेने की कोशिश की।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “एसआई अपने सिर पर किए गए घातक हमले से बचने में कामयाब रहे और बदमाशों में से एक पर गोली चला दी, जबकि पुलिस इंस्पेक्टर मुरुगेसन, जो वाहनों की जांच करने वाली टीम का हिस्सा थे, उन्होंने अपने सहयोगी की मदद करने के लिए दौड़े और दूसरे बदमाश पर गोली चला दी।”
एसआई पर हमला करने वाले दोनों घायलों को चेंगलपट्टू के सरकारी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 35 साल के एस विनुद उर्फ छोटा विनुद और 32 साल के एस रमेश के रूप में की गई है। दोनों ही हिस्ट्रीशीटर हैं। विनुद के खिलाफ 50 और रमेश के खिलाफ 20 से अधिक मामले लंबित हैं। पुलिस ने कहा कि उनके खिलाफ आरोपों में हत्या, हत्या का प्रयास और जबरन वसूली शामिल हैं।
वहीं एसआई शिवगुरुनाथन को इलाज के लिए क्रोमपेट सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।















