-कांटी में गर्भवती विवाहिता की हत्या कर नदी किनारे दफनाया
-दो दिन बाद कब्र खोदकर निकाला गया शव
मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। दो दिनों से लापता 24 वर्षीया विवाहिता रेखा कुमारी की हत्या कर उसके शव को बूढ़ी गंडक नदी किनारे सुनसान जगह पर गाड़ दिया गया था। रविवार को कांटी पुलिस ने प्रशासनिक अधिकारियों और एफएसएल टीम की मौजूदगी में कब्र खुदवाकर शव बरामद किया। मृतका के गर्भवती होने की भी बात सामने आ रही है। घटना के बाद से ही पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग घर में ताला बंद कर फरार हैं।
मामला कांटी थाना क्षेत्र की लसकरीपुर पंचायत के गोसाईपुर ढाब का है। यहां बूढ़ी गंडक नदी किनारे एक सुनसान स्थान पर गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया गया था। मृतका की पहचान रामनाथ धमौली पूर्वी पंचायत के फकीराना निवासी मोहन राम के पुत्र कंचन कुमार की पत्नी रेखा कुमारी के रूप में हुई है।

सूचना मिलने के बाद कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक, अपर थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार चौरसिया, मजिस्ट्रेट के रूप में बीपीआरओ काजल कुमारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में विधिवत खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया।
मृतका के पिता और मीनापुर प्रखंड के पानापुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत पिपराहा निवासी नंदलाल राम ने बताया कि उनका पूरा परिवार सिलीगुड़ी में रहता है। उनकी बेटी रेखा ने करीब एक वर्ष पहले फकीराना निवासी कंचन कुमार से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद होने लगा था। इसी बीच ग्रामीणों के माध्यम से उन्हें बेटी की हत्या किए जाने की सूचना मिली।
सूचना पर जब वह गांव पहुंचे तो बेटी घर से गायब थी और ससुराल के सभी लोग घर में ताला लगाकर फरार थे। इसके बाद उन्होंने कांटी थाने में बेटी की हत्या कर शव छिपाने की आशंका जताते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई।
थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने बताया कि पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी। वहीं, फरार पति और अन्य ससुराल वालों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।












