Advertisement

बरुआरी चौहान चौक पर भीषण सड़क हादसा, ऑटो-पिकअप की आमने-सामने टक्कर में आधा दर्जन से अधिक घायल, दो की हालत गंभीर

-बरुआरी चौहान चौक पर भीषण सड़क हादसा, ऑटो-पिकअप की आमने-सामने टक्कर में आधा दर्जन से अधिक घायल, दो की हालत गंभीर

दीपक कुमार/गायघाट। बेनीबाद थाना क्षेत्र के बरुआरी चौहान चौक के समीप सोमवार की रात करीब नौ बजे ऑटो और पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायल मुजफ्फरपुर जिले के धनुखी नरमा गांव के निवासी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोग दरभंगा जिले के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बसतवारा गांव में अपने रिश्तेदारों से मिलकर ऑटो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बरुआरी चौहान चौक के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन से ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।


हादसे की सूचना मिलते ही बेनीबाद थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गश्ती पदाधिकारी राजीव कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल गायघाट पीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर स्थित एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया।
इधर, दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और पिकअप दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। फरार चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।
बेनीबाद थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दो घायलों को गंभीर स्थिति में एसकेएमसीएच रेफर किया गया है। दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद धनुखी नरमा गांव में घायलों के परिजनों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है।