-राजगीर में भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 अंतरराष्ट्रीय रग्बी सीरीज का आगाज, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन
-न्यूजीलैंड माओरी टीम का पारंपरिक ‘हाका’ नृत्य बना आकर्षण का केंद्र, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
पटना/राजगीर, 27 अक्टूबर(दीपक कुमार तिवारी)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को नालंदा जिले के राजगीर खेल परिसर स्थित राज्य खेल अकादमी में भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 अंतरराष्ट्रीय रग्बी सेवेंस सीरीज का उद्घाटन किया। इस दौरान खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी खेल नीति और भारत-न्यूजीलैंड के द्विपक्षीय खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस सीरीज का आयोजन किया जा रहा है। इससे दोनों देशों के बीच खेल संबंधों को मजबूती मिलने के साथ बिहार में अंतरराष्ट्रीय खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

23 से 28 अक्टूबर तक आयोजित इस सीरीज में भारत और न्यूजीलैंड की अंडर-20 पुरुष एवं महिला टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं। न्यूजीलैंड की अंडर-20 रग्बी टीमों का इस तरह की सीरीज के लिए यह पहला भारत दौरा है। मुकाबले से पहले भारत और न्यूजीलैंड के राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। दोनों देशों के खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्द्धन किया और दोनों देशों के हस्ताक्षरयुक्त जर्सी का अनावरण किया।
कार्यक्रम में न्यूजीलैंड माओरी टीम का पारंपरिक ‘हाका’ नृत्य दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। इस प्रस्तुति के माध्यम से न्यूजीलैंड की सांस्कृतिक परंपरा और खेल भावना की झलक देखने को मिली। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह रहा।
भारतीय रग्बी संघ के अध्यक्ष राहुल बोस ने प्रतीक चिह्न भेंट कर मुख्यमंत्री को सम्मानित किया। इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक रुहेल रंजन एवं रत्नेश कुशवाहा, विधान पार्षद संजय मयूख, भारत में न्यूजीलैंड के कार्यवाहक उच्चायुक्त मैथ्यू आयर्स, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्र शंकरण सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से बिहार में रग्बी सहित अन्य खेलों को प्रोत्साहन मिलने और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
















