-देशी शराब के अवैध कारोबार का विरोध करने पर चाकू से जानलेवा हमला, एक घायल; आरोपी गिरफ्तार
दीपक कुमार | गायघाट(मुजफ्फरपुर)।
बेनीबाद थाना क्षेत्र के शिवदाहा में देशी शराब के अवैध कारोबार का विरोध करने पर एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में झोटी राय के पुत्र संतोष कुमार (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डोमा यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिवदाहा में देशी शराब के अवैध कारोबार का विरोध करने को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान संतोष कुमार पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना बेनीबाद थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही बेनीबाद थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डोमा यादव को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, गंभीर रूप से घायल संतोष कुमार को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने क्षेत्र में देशी शराब के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने और ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी है।












