Advertisement

कांटी में फोरलेन फ्लाईओवर पर मिला युवक का अधजला शव

-कांटी में फोरलेन फ्लाईओवर पर मिला युवक का अधजला शव

-हत्या की आशंका से इलाके में सनसनी

-ससुराल कांटी में, ढाबे में रसोइया का काम करता था मृतक
-पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का कर रही इंतजार

मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी थाना क्षेत्र अंतर्गत नरसंडा फोरलेन फ्लाईओवर पर शुक्रवार की देर रात एक युवक का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने युवक की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जलाया और फ्लाईओवर पर फेंककर फरार हो गए। शव देखकर राहगीरों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।


स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस की गश्ती गाड़ी को अपनी ओर आते देख अज्ञात वाहन सवार लोग आनन-फानन में शव को फ्लाईओवर पर फेंककर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया निवासी भोला साह के पुत्र बिनोद साह के रूप में की।
बताया गया कि बिनोद साह की ससुराल कांटी में जयप्रकाश साह के यहां है। वह फोरलेन किनारे स्थित एक ढाबे में रसोइया के रूप में काम करता था। युवक की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। उसकी हत्या कर शव जलाया गया या किसी दूसरे स्थान पर झुलसने के बाद शव यहां लाकर फेंका गया, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की तकनीकी और फॉरेंसिक जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों का आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस युवक की मौत के कारणों और घटनास्थल तक शव पहुंचने की परिस्थितियों की जांच में जुटी है।