-दिनदहाड़े CSP केंद्र से 95 हजार की लूट, विरोध करने पर संचालक का सिर फोड़ा
मुजफ्फरपुर। जिले के करजा थाना क्षेत्र स्थित पकड़ी चौक पर बुधवार को हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार चार बदमाशों ने पकड़ी चौक स्थित इंडियन बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में घुसकर हथियार के बल पर 95 हजार रुपये लूट लिए। इस दौरान लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने सीएसपी संचालक विजय कुमार के सिर पर पिस्टल के कुंदे से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार होकर पहुंचे चार हथियारबंद बदमाश सीधे सीएसपी केंद्र के अंदर घुस गए। अपराधियों ने पिस्टल के बल पर वहां मौजूद लोगों को अपने कब्जे में लेकर काउंटर में रखे 95 हजार रुपये लूट लिए। अचानक हुई इस वारदात से केंद्र में अफरातफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भी दहशत फैल गई।

लूटपाट के दौरान सीएसपी संचालक विजय कुमार ने बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की। इससे नाराज अपराधियों ने उनके सिर पर पिस्टल के कुंदे से कई वार कर दिए। हमले में उनका सिर फट गया और वह खून से लथपथ होकर गिर पड़े। इसके बाद सभी बदमाश लूटे गए रुपये लेकर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही करजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जख्मी सीएसपी संचालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
पुलिस आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। बदमाशों के भागने की संभावित दिशा में छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से स्थानीय कारोबारियों और आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।












