Advertisement

मोतिहारी में तीन की संदिग्ध मौत, फांसी के फंदे पर लटके मिले दो के शव

मोतिहारी में तीन की संदिग्ध मौत, फांसी के फंदे पर लटके मिले दो के शव

मोतिहारी। राजन।

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मोतिहारी में रुपये और पैतृक संपत्ति के विवाद के बीच 31 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला, जबकि हरसिद्धि में एक अधेड़ की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। संग्रामपुर में 22 वर्षीय विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला है। युवक की मां ने हत्या की आशंका जताते हुए उसकी पत्नी समेत आठ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, अन्य दोनों मामलों में भी पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।

मोतिहारी में मृत युवक की पहचान पिपरा थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार निवासी स्वर्गीय विनोद कुमार साह के पुत्र सुशांक कुमार साह (31) के रूप में हुई है। बुधवार की रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए रुपये और पैतृक जमीन के विवाद में साजिश रचकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं की है।

मृतक की मां अनीता देवी ने नगर थाने में आवेदन देकर अपनी बहू खुशबू कुमारी समेत आठ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन के अनुसार, सुशांक ने मोतिहारी में केटी कॉलेज के पास जमीन खरीदने के लिए एक व्यक्ति को अग्रिम राशि दी थी। जमीन का सौदा पूरा नहीं होने पर संबंधित व्यक्ति ने नौ लाख रुपये वापस किए थे। आरोप है कि इसमें से दो लाख रुपये उसकी पत्नी और मायके पक्ष के लोगों ने पहले ही ले लिए थे। इसके बाद शेष आठ लाख रुपये और पैतृक जमीन अपने नाम कराने के लिए सुशांक पर दबाव बनाया जा रहा था।

मां का आरोप है कि रुपये और जमीन को लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा था तथा सुशांक को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी विवाद में उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। आवेदन के मुताबिक, बुधवार रात करीब 11:04 बजे अनीता देवी को बेटे की मौत की सूचना फोन पर मिली। इसके बाद वह परिजनों के साथ नगर थाना पहुंचीं। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो सुशांक का शव फंदे से लटका मिला था। नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है।

– हरसिद्धि में अधेड़ की संदिग्ध मौत

जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गायघाट चौक पर भी एक 60 वर्षीय अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान उज्जैन लोहियार निवासी के रूप में हुई है। वह टेम्पो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

– संग्रामपुर में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला

उधर, संग्रामपुर थाना क्षेत्र के भुसाहा गांव में 22 वर्षीय रिमझिम देवी का शव फंदे से लटका मिला। वह आलोक मंडल की पत्नी थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विवाहिता की मौत हत्या है या आत्महत्या, इसकी जांच की जा रही है।

जिले में तीनों मौतों के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौतों की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।