Advertisement

भारत-नेपाल सीमा पर संदिग्ध कफ सिरप और कपड़े जब्त, दो नेपाली नागरिक पकड़े गए

-भारत-नेपाल सीमा पर संदिग्ध कफ सिरप और कपड़े जब्त, दो नेपाली नागरिक पकड़े गए

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर, 27 अक्टूबर 2026।

भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध कफ सिरप और कपड़ों की खेप जब्त की है। इस दौरान नेपाल के धनुषा जिले के निवासी एक बुजुर्ग पुरुष और एक महिला को पकड़ा गया। जब्त सामान को भारत से नेपाल ले जाए जाने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 48वीं वाहिनी एसएसबी जयनगर की ‘सी’ समवाय पिपरौन के जवानों ने सीमा स्तंभ संख्या 285/8 के निकट यह कार्रवाई की। तलाशी के दौरान संदिग्ध फेन्सेडिल डीएक्स कफ सिरप की 20 बोतलें, 38 पंजाबी कुर्ते, 30 अंडरवियर और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

इस मामले में नेपाल के धनुषा जिले के निवासी मनोज झा (66 वर्ष), पिता स्वर्गीय शोभाकांत झा, तथा राजकुमारी देवी (50 वर्ष), पति हरिदेव यादव को पकड़ा गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों भारत से सामान लेकर नेपाल की ओर जा रहे थे।

कार्रवाई के बाद पकड़े गए दोनों व्यक्तियों और जब्त सामान को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए हरलाखी थाना, जिला मधुबनी, बिहार को सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।