Advertisement

दरभंगा में पुलिस टीम पर फायरिंग, ASI रणधीर कुमार को लगी गोली, DMCH में भर्ती

-दरभंगा में पुलिस टीम पर फायरिंग, ASI रणधीर कुमार को लगी गोली, DMCH में भर्ती

-बगीचे में छिपे बदमाश ने पेट्रोलिंग के दौरान किया हमला
-आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी

दरभंगा। बिहार में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब वे पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाने से नहीं हिचक रहे हैं। ताजा मामला दरभंगा जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र के उजान गांव का है, जहां गुरुवार को पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम पर बदमाश ने फायरिंग कर दी। इस दौरान थाना में तैनात एएसआई रणधीर कुमार गोली लगने से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम उजान गांव के पास गश्ती कर रही थी। इसी दौरान एएसआई रणधीर कुमार पुलिस वाहन में बैठकर मोबाइल पर बात कर रहे थे। तभी बगीचे में छिपे एक बदमाश ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके बाएं पैर में लगी और आर-पार हो गई। अचानक हुई फायरिंग से पुलिस टीम में अफरातफरी मच गई।


घायल एएसआई रणधीर कुमार पटना जिले के नौबतपुर के रहने वाले हैं। घटना के बाद साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। पुलिस ने इलाके में छापेमारी और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी जांच की जा रही है। फिलहाल फायरिंग करने वाले बदमाश का पता नहीं चल सका है।