चंपारण की खबर::
-पत्नी की विदाई नहीं करने से नाराज पति ने सास की कर दी हत्या
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
जिले के कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित जटवलिया गांव में रविवार की देर शाम एक पति ने पत्नी की विदाई नहीं करने से नाराज हो कर अपनी सास को ही गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष रमण कुमार मामले की जांच शुरू कर दिए है। जानकारी के अनुसार श्याम साह उर्फ छोटन साह की शादी जटवलिया गांव के रहने वाले राजकिशोर साह की बेटी से हुई थी। बताया जाता है कि वर्ष 2018 में दरभंगा में श्याम साह ने अपनी मां की हत्या कर दी थी। अपनी मां की हत्या मामले में श्याम के साथ उसकी पत्नी भी नामजद थी। श्याम ने अपनी बहन को भाला मारकर जख्मी कर दिया था। उसके ऊपर दरभंगा सदर थाना में दो मामले दर्ज हैं। एक मां की हत्या का और दूसरा बहन को जख्मी करने से संबंधित है।

हत्या मामले में नामजद होने के बाद श्याम की पत्नी अपने मायके जटवलिया में रहने लगी और वो खुद फरार रहने लगा। बार-बार वह अपनी पत्नी को विदा करके अपने साथ ले जाने के लिए कहता था। लेकिन तब उसकी पत्नी उसके साथ जाने के लिए तैयार नहीं थी। लगभग एक वर्ष पूर्व श्याम साह अपने ससुराल आया और सीढ़ी के सहारे छत से होकर घर में घुस गया। उसने चाकू से सास ओर अपनी पत्नी को जख्मी कर दिया था। उसके बाद फिर कल यानी रविवार को देर शाम वह ससुराल आया। लेकिन घर पर उसकी सास गायत्री देवी नहीं थी। उसने अपनी पत्नी को साथ चलने के लिए कहा जिस पर कहासुनी हो गई। उसी समय उसकी सास आई जिसपर श्याम ने दो गोलियां चला दी। दो गोली लगने के बाद गायत्री देवी गिर पड़ी। जिसे लेकर परिजन अस्पताल पहुंच गए। हालांकि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी दामाद फरार हो गया है। श्याम साह के ऊपर बैरगनिया थाना में हत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज है, जिसमें उसने एक शख्स को गोली मारकर जख्मी कर दिया था। वहीं कुण्डवाचैनपुर थानाध्यक्ष रमण कुमार ने बताया कि जटवलिया गांव में एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रही है। मृतका के शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। आरोपी युवक घटना के बाद से फरार है। जिसकी तलाश में छापेमारी चल रही है।
















