-सरसों तेल के दाम 250 रुपये लीटर तक पहुंचे, अरहर दाल भी 160 के पार; बिगड़ा रसोई का बजट
मुजफ्फरपुर। महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों से राहत नहीं मिल रही है। पहले चीनी के दाम में उछाल के बाद अब सरसों तेल और अरहर दाल की कीमतों में तेजी से घरेलू बजट प्रभावित होने लगा है। बाजार में सरसों तेल के विभिन्न ब्रांड 225 से 250 रुपये प्रति लीटर तक बिक रहे हैं। वहीं, अरहर दाल की कीमत भी 160 रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गई है।
बाजार में इंजन ब्रांड सरसों तेल 250 रुपये, सलोनी 225 रुपये और हाथी मार्का 228 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। खुदरा कारोबारियों के अनुसार, पिछले दो महीनों से सरसों तेल की कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है। छठ के बाद से कीमतों में लगभग रोजाना एक से दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो रही हैl

इधर, अरहर दाल की कीमत में भी काफी उछाल आया है। कुछ समय पहले तक 125 रुपये प्रति किलो बिकने वाली अरहर दाल अब 160 रुपये प्रति किलो से अधिक कीमत पर उपलब्ध है।
खाद्य तेल और दाल जैसी रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम परिवारों को खरीदारी में अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। लगातार बढ़ती कीमतों के कारण लोगों के मासिक रसोई बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।












