-सड़क हादसे में मृत युवक के परिजनों से मिले पूर्व मंत्री अजीत कुमार, 4.20 लाख रुपये मुआवजे का आश्वासन
मड़वन। बड़कागांव सिनेमा हॉल चौक के समीप सोमवार की देर रात हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के बाद गुरुवार को कांटी विधायक एवं पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार मृतक विकास कुमार के बसंतपुर मलिकान स्थित आवास पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अपनी संवेदना व्यक्त की। साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
गौरतलब है कि सोमवार की देर रात टाटा 407 और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर में विकास कुमार (32) और करण कुमार (25) की मौके पर ही मौत हो गई थी।

वहीं, बाइक पर सवार तीसरे युवक सुबोध पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। तीनों युवक जैतपुर थाना क्षेत्र के कोलवारा में आयोजित एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद दोनों मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है।
पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने के लिए पूर्व मंत्री ने मौके से ही अंचलाधिकारी और जिला आपदा पदाधिकारी से फोन पर बात की। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के तहत मृतक के परिजनों को 4.20 लाख रुपये का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान मोतीउर रहमान, शंकर पासवान, दशरथ पासवान, पप्पू गुप्ता, उमेश महतो, मुकेश महतो समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।












