Advertisement

लगन के मौसम में दूध की बढ़ी मांग, पैकेट बंद दूध की गुणवत्ता पर उठे सवाल

-लगन के मौसम में दूध की बढ़ी मांग, पैकेट बंद दूध की गुणवत्ता पर उठे सवाल

-मलाई कम जमने की शिकायत

मुजफ्फरपुर। लगन के मौसम में दूध और उससे बने उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ ही बाजार में उपलब्ध पैकेट बंद दूध की गुणवत्ता को लेकर उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ने लगी है। कुछ ब्रांड के दूध को लेकर लोग पाउडर जैसी महक आने और पहले की अपेक्षा कम मलाई जमने की शिकायत कर रहे हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि दूध को उबालने के दौरान उसमें मिल्क पाउडर जैसी महक महसूस होती है। वहीं, दूध से पहले की तुलना में कम मलाई निकलने की भी शिकायत है।

इससे लोग दूध की गुणवत्ता को लेकर आशंकित हैं। हालांकि, बाजार में बिक रहे दूध में मिल्क पाउडर के इस्तेमाल की शिकायतों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, लगन के मौसम में दूध की बढ़ती खपत का असर आपूर्ति और संग्रह पर भी पड़ रहा है। मुजफ्फरपुर डेयरी के आंकड़ों के अनुसार, सामान्य दिनों में सात जिलों से करीब चार लाख लीटर दूध का संग्रह होता है। इसमें मुजफ्फरपुर के अलावा सिवान, सीतामढ़ी, बेतिया, मोतिहारी, शिवहर और गोपालगंज शामिल हैं।
लगन के दौरान दूध की मांग बढ़ने से संग्रह में कमी आई है। ऐसे में बाजार में दूध की उपलब्धता और गुणवत्ता दोनों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। उपभोक्ताओं की मांग है कि दूध की गुणवत्ता की नियमित जांच हो, ताकि उन्हें शुद्ध और मानक के अनुरूप उत्पाद मिल सके।