Advertisement

2030 तक बिहार में प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

-2030 तक बिहार में प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

-राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर बड़ा ऐलान, अभी 48 लाख लीटर हो रहा उत्पादन; हर प्रखंड में खुलेंगे पशु औषधि केंद्र, बकरी के दूध के संग्रहण का भी बनेगा नेटवर्क

पटना(दीपक तिवारी)। बिहार को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 2030 तक बिहार में प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में राज्य में प्रतिदिन करीब 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पशुपालन, डेयरी विकास और दुग्ध संग्रहण व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के साथ राष्ट्रीय दुग्ध दिवस-2026 का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दुग्ध उत्पादन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती, किसानों की समृद्धि और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण आधार है। सरकार पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डेयरी क्षेत्र में हुए कार्यों के कारण पिछले 12 वर्षों में देश का दूध उत्पादन लगभग दोगुना हुआ है। आज भारत विश्व के कुल दुग्ध उत्पादन का करीब एक चौथाई हिस्सा उत्पादित कर रहा है। यह पशुपालकों, किसानों और डेयरी क्षेत्र से जुड़े लोगों के परिश्रम का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गौधन योजना के माध्यम से बेहतर नस्ल की गाय और भैंस खरीदने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। इससे पशुपालकों को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि हो रही है। बिहार में कॉम्फेड बेहतर काम कर रहा है और सुधा ने अपनी गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता के दम पर देशभर में पहचान बनाई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सुधा की ओर से असम में एक लाख लीटर क्षमता का प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित किया गया है। आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल में भी एक लाख लीटर क्षमता का प्रोसेसिंग यूनिट शुरू किया जाएगा। इससे बिहार के दुग्ध उत्पादकों को व्यापक बाजार मिलेगा। साथ ही बिहार के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को भी सुधा के माध्यम से राष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। मखाना की खीर और रबड़ी जैसे उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने की पहल की जा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में गाय और भैंस पालन के साथ बकरी पालन को भी विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। सुधा के माध्यम से बकरी के दूध के संग्रहण एवं विपणन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिदिन एक लाख लीटर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पशुपालन के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पशु सखी भी तैयार की जा रही हैं, जो पशुपालकों को आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन देंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 से पहले बिहार की एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है। अब तक 50 लाख महिलाएं इस उपलब्धि को हासिल कर चुकी हैं। पशुपालन और डेयरी गतिविधियों से महिलाओं को नियमित आमदनी के अवसर मिलेंगे और ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

पशुधन से प्राप्त संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गोबर और अन्य जैविक संसाधनों से खाद उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए बिहार सरकार ने कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) नीति बनाई है। इससे बायोगैस उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे। पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और उपचार के लिए प्रत्येक प्रखंड में पशु औषधि केंद्र भी खोले जाएंगे, ताकि पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर इलाज की सुविधा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने समस्तीपुर जिले को बिहार में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी बताते हुए अन्य जिलों से भी वहां की सफलता से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों, पशुपालकों और महिलाओं की आय बढ़ाकर बिहार को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है।

कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम सहित विभागीय अधिकारियों ने भी संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार-2026 के विजेताओं को सम्मानित किया तथा कई पुस्तकों का विमोचन किया। कार्यक्रम में विभिन्न दुग्ध उत्पादक संघों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया गया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन का समापन इन पंक्तियों के साथ किया, ”श्वेत क्रांति की धारा से हर आंगन में उजियारा हो, पशुपालक हों खुशहाल यहां, समृद्ध बिहार हमारा हो।”