Advertisement

ईएसआईसी कार्डधारकों को मुजफ्फरपुर में मिलेगी कैंसर के इलाज की कैशलेस सुविधा

-ईएसआईसी कार्डधारकों को मुजफ्फरपुर में मिलेगी कैंसर के इलाज की कैशलेस सुविधा

-एचबीसीएच से हुआ एमओयू
-बीमित कर्मचारियों और उनके आश्रितों को बड़ी राहत
-अब कैंसर की आधुनिक जांच और सुपर स्पेशियलिटी इलाज के लिए नहीं लगाने होंगे बड़े शहरों के चक्कर

मुजफ्फरपुर। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) से जुड़े बिहार के बीमित कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए राहत भरी खबर है। अब कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की जांच और उच्चस्तरीय इलाज के लिए मरीजों को दूसरे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। ईएसआईसी बिहार ने बुधवार को मुजफ्फरपुर स्थित होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (एचबीसीएच एंड आरसी) के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है। इस समझौते के तहत पात्र लाभार्थियों को अस्पताल में कैंसर की आधुनिक जांच और सुपर स्पेशियलिटी उपचार की कैशलेस सुविधा मिलेगी।

मुजफ्फरपुर स्थित होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के अधीन संचालित टाटा मेमोरियल सेंटर की प्रमुख इकाई है। इस करार से बिहार के पात्र ईएसआईसी कार्डधारकों और उनके आश्रितों को कैंसर के बेहतर इलाज की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी। इससे मरीजों और उनके परिवारों को इलाज के लिए दूसरे शहरों में जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर कामगार परिवारों पर महंगे इलाज का वित्तीय बोझ भी कम होगा।

इस समझौते पर दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में ईएसआईसी के बीमा आयुक्त अनिल कुमार साहू, जोनल चिकित्सा आयुक्त डॉ. आर. मागेश, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज बिहटा के डीन डॉ. नंदकिशोर अल्वा एन, क्षेत्रीय निदेशक निरंजन कुमार और होमी भाभा कैंसर अस्पताल के निदेशक डॉ. कुमार प्रभाष उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने इस पहल को बिहार के कामगारों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। एमओयू के माध्यम से पात्र बीमित कर्मचारियों और उनके आश्रितों को निर्धारित मानदंडों के अनुसार कैंसर की उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस समझौते से मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों के मरीजों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर विश्वस्तरीय कैंसर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेंगे।