-नशे में धुत सिक्योरिटी गार्ड ने समाहरणालय में मचाया हंगामा
-बाइक लेकर परिसर में घुसा
-पुलिस बुलाने की बात पर फरार
-मुख्य गेट से प्रवेश कर पंचायती राज कार्यालय और सामान्य प्रशाखा के बरामदे में किया शोर-शराबा -समाहरणालय की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मुजफ्फरपुर। जिला समाहरणालय परिसर में गुरुवार की शाम करीब पांच बजे उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक सिक्योरिटी गार्ड कथित तौर पर नशे की हालत में बाइक लेकर परिसर के अंदर पहुंच गया। आरोपी ने जिला पंचायती राज कार्यालय के बाहर बाइक खड़ी की और सीधे कार्यालय के बरामदे तक जा पहुंचा। वहां मौजूद कर्मचारियों ने जब उससे आने का कारण और पहचान पूछी तो वह सामान्य प्रशाखा की ओर चला गया। वहां भी बरामदे में घूम-घूमकर शोर-शराबा करने लगा।
अचानक हुए हंगामे की आवाज सुनकर सामान्य प्रशाखा और आसपास के कार्यालयों से कई कर्मचारी बाहर निकल आए। कर्मचारियों ने नशे में धुत व्यक्ति से सख्ती से पूछताछ की और उसे परिसर से बाहर जाने को कहा। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि आक्रोशित कर्मचारियों ने उसकी पिटाई भी की। जब कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना देने की बात कही तो आरोपी अपनी बाइक स्टार्ट कर तेजी से परिसर से फरार हो गया।

बताया जाता है कि समाहरणालय में प्रवेश करने से ठीक पहले आरोपी ने परिसर के बाहर सड़क पर एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद पकड़े जाने के डर से वह बाइक लेकर समाहरणालय परिसर में घुस गया। कुछ देर बाद दुर्घटना का शिकार हुआ युवक भी उसे खोजते हुए समाहरणालय पहुंचा। हालांकि, बरामदे में हंगामा कर रहे आरोपी को देखकर वह बिना कुछ कहे वापस लौट गया।
घटना के बाद समाहरणालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जाता है कि घटना के समय अधिकांश अधिकारी और कर्मचारी अपनी ड्यूटी समाप्त कर जा चुके थे। आरोपी मुख्य गेट से बाइक लेकर अंदर दाखिल हुआ, लेकिन वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को उस पर संदेह तक नहीं हुआ। वहीं, परिसर के अंदर हंगामा होने के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी नजर नहीं आई।
जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक परिसर में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी में बरती जा रही लापरवाही को उजागर किया है। सवाल उठ रहा है कि मुख्य गेट पर सुरक्षा जांच के बावजूद कोई व्यक्ति बाइक लेकर अंदर कैसे प्रवेश कर गया और कार्यालयों के बरामदे तक पहुंचकर हंगामा करता रहा।












