-एमआईटी में फिर रैगिंग का मामला, जूनियर छात्र का कॉलर पकड़कर दी धमकी; यूजीसी सख्त
-एलुमनी मीट के दौरान फार्मेसी विभाग के जूनियर छात्रों से बदसलूकी का आरोप
-यूजीसी ने 24 घंटे में जांच कर कार्रवाई की मांगी रिपोर्ट
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) परिसर में रैगिंग और जूनियर छात्रों को धमकाने का मामला एक बार फिर सामने आया है। इस बार फार्मेसी विभाग के जूनियर छात्रों के साथ सीनियर छात्रों द्वारा बदसलूकी और धमकी देने का आरोप लगा है। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने एक जूनियर छात्र को बाल छोटे रखने की चेतावनी दी। विरोध करने पर उसका कॉलर पकड़कर रोक लिया और अंजाम भुगतने की धमकी दी। घटना के बाद जूनियर छात्रों में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को एमआईटी परिसर में एलुमनी मीट का आयोजन किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में वर्तमान विद्यार्थियों के साथ पूर्ववर्ती छात्र भी शामिल हुए थे। इसी दौरान कुछ सीनियर छात्र फार्मेसी विभाग की ओर पहुंचे और वहां मौजूद जूनियर छात्रों को रोककर उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी करने लगे। आरोप है कि एक छात्र को बाल छोटे रखने का दबाव बनाया गया। जब उसने वहां से जाने की कोशिश की तो सीनियर छात्रों ने उसका कॉलर पकड़ लिया और धमकी दी।

घटना से परेशान पीड़ित छात्र ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के एंटी रैगिंग सेल में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी रैगिंग सेल ने एमआईटी प्रशासन को आधिकारिक पत्र भेजा है। इसमें कॉलेज प्रशासन को 24 घंटे के भीतर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और उसकी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
यूजीसी के निर्देश के बाद एमआईटी प्रशासन भी हरकत में आ गया है। कॉलेज प्रशासन की ओर से पत्र जारी कर पीड़ित छात्रों से बिना किसी डर के सामने आने और अपनी शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है। प्रशासन का उद्देश्य मामले में शामिल छात्रों की पहचान कर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करना है।
एमआईटी परिसर में बार-बार रैगिंग और जूनियर छात्रों को धमकाने की शिकायतें सामने आने से संस्थान की सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि यूजीसी के निर्देश के बाद कॉलेज प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।












