-भोटेकोशी की भीषण बाढ़ के बाद नेपाल सरकार अलर्ट, भारत और चीन से मांगी मदद
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। नेपाल में भोटेकोशी नदी की भीषण बाढ़ के बाद सरकार ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। रसुवा जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में हालात की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाई। बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जारी राहत एवं बचाव कार्यों, लोगों के सुरक्षित उद्धार तथा प्रभावितों तक तत्काल सहायता पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

भारत और चीन से सहयोग का आग्रह:
नेपाल सरकार ने रसुवा समेत अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान को प्रभावी बनाने के लिए भारत और चीन से आवश्यक सहयोग मांगा है। सरकार के प्रवक्ता सस्मित पोखरेल ने मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि दोनों पड़ोसी देशों से राहत-बचाव के लिए जरूरी सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।
उन्होंने बताया कि भारत और चीन से सहयोग को लेकर विदेश मंत्री शिशिर खनाल दोनों देशों के अधिकारियों के संपर्क में हैं। सरकार का प्रयास है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए और प्रभावित लोगों तक आवश्यक राहत सामग्री एवं सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ से रसुवा जिले के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। सरकार ने राहत एवं बचाव अभियान में जुटी एजेंसियों को प्रभावित क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
















