-राजापाकर और बिदुपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा विजयादशमी का पर्व, विसर्जन की तैयारियां तेज
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। वैशाली जिले के राजापाकर और बिदुपुर स्टेशन सहित आसपास के क्षेत्रों में विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में मनाया जा रहा है। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भक्त नम आंखों से मां को विदाई देने की तैयारी में जुटे हैं, वहीं बच्चों में भी विसर्जन को लेकर काफी उत्साह है।
पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में उत्सव का माहौल बना हुआ है। महिलाएं एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर विजयादशमी की खुशियां मना रही हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर बुराई पर अच्छाई की विजय स्थापित की थी। वहीं, मां दुर्गा ने नौ दिनों तक चले युद्ध के बाद महिषासुर का वध कर धर्म और सत्य की रक्षा की थी। इसी मान्यता के आधार पर विजयादशमी का पर्व मनाया जाता है।

क्षेत्र में पूजा पंडालों और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है। सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मना सकें और प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
वहीं, राजापाकर हाई स्कूल के प्रांगण में रामलीला के बाद रावण दहन कार्यक्रम आयोजित होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, कार्यक्रम के आयोजन का समय और तारीख स्पष्ट नहीं है। विजयादशमी को लेकर पूरे इलाके में उत्सव और भक्ति का माहौल बना हुआ है।












