Advertisement

मुजफ्फरपुर में भीषण अग्निकांड: आग के बीच एक के बाद एक फटे दो गैस सिलेंडर, लाखों की संपत्ति राख

-मुजफ्फरपुर में भीषण अग्निकांड: आग के बीच एक के बाद एक फटे दो गैस सिलेंडर, लाखों की संपत्ति राख

दीपक ।मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से घर में रखे दो एलपीजी गैस सिलेंडर एक के बाद एक जोरदार धमाके के साथ फट गए। इस भयावह घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना जिले के पारू प्रखंड अंतर्गत कटारू पंचायत के कुंवारी गांव के वार्ड संख्या 9 की है। जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय रामबालक राम की पत्नी कमली देवी के घर में मंगलवार दोपहर अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इसी दौरान घर में रखे दो एलपीजी गैस सिलेंडर एक के बाद एक जोरदार धमाके के साथ फट गए। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।


स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि, तब तक कमली देवी का पूरा घर जलकर राख हो चुका था। घर में रखे कपड़े, बर्तन, घरेलू सामान, नकदी समेत लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात सामने आई है। इस अग्निकांड के कारण पीड़ित परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है।
गनीमत रही कि भीषण आग और सिलेंडर विस्फोट के बावजूद कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है। अब पीड़ित परिवार को हुए नुकसान के बाद सरकारी सहायता मिलने की उम्मीद है।