Advertisement

उत्तर बिहार में गुलाबी ठंड की आहट

-उत्तर बिहार में गुलाबी ठंड की आहट

-सामान्य से 3.2 डिग्री नीचे पहुंचा न्यूनतम तापमान

पूसा/समस्तीपुर। उत्तर बिहार के जिलों में गुलाबी ठंड की आहट के साथ तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है। मुजफ्फरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में रात और सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा (समस्तीपुर) के जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र की ओर से जारी मौसम आंकड़ों के अनुसार, मुजफ्फरपुर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री कम रहकर 20.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

मौसम के आंकड़ों के अनुसार, सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 92 प्रतिशत रही, जबकि दोपहर दो बजे यह घटकर 62 प्रतिशत दर्ज की गई। क्षेत्र में 4.6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तरी हवाएं चल रही हैं। तापमान में गिरावट के कारण सुबह और देर रात लोगों को हल्की ठंड का एहसास होने लगा है।

मौसम प्रणाली के प्रभाव से बिहार के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से उठी ट्रफ लाइन और चक्रवाती परिसंचरण को इसकी वजह बताया गया है। हालांकि, पिछले 24 घंटों के दौरान मुजफ्फरपुर और उत्तर बिहार के प्रमुख क्षेत्रों में बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान वर्षा का आंकड़ा शून्य मिलीमीटर रहा, जबकि वाष्पोत्सर्जन की दर 3.4 मिलीमीटर दर्ज की गई।

आने वाले दिनों में मौसम के सामान्यतः शुष्क रहने के साथ सुबह के समय धुंध बढ़ने का अनुमान है। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच सुबह और रात की ठंडक बढ़ सकती है। ऐसे में लोगों को दिन और रात के तापमान में अंतर को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।