Advertisement

नेपाल में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा कड़ी, सेना ने संभाला मोर्चा

-नेपाल में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा कड़ी, सेना ने संभाला मोर्चा

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर

नेपाल में चल रहे प्रदर्शनों के बीच राजधानी काठमांडू स्थित विश्वप्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर पर बड़ी घटना होते-होते टल गई। मंगलवार को कुछ असामाजिक तत्वों ने मंदिर के गर्भगृह के पट तोड़ने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने ही उन उपद्रवियों को पकड़कर पीटते हुए वहां से खदेड़ दिया।

घटना के बाद नेपाल सरकार ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को और सख्त कर दिया है। अब नेपाली सेना ने सुरक्षा का जिम्मा अपने हाथों में ले लिया है। सेना ने न केवल पशुपतिनाथ मंदिर, बल्कि जनकपुरधाम स्थित जानकी मंदिर, लुम्बिनी के बौद्ध मंदिर, बारा के गढ़ी माई मंदिर, सप्तरी के छिनमस्ता मंदिर सहित अन्य प्रमुख आस्था स्थलों पर भी सुरक्षा तैनात कर दी है।

सेना के जवान इन इलाकों में पैदल मार्च कर रहे हैं। इसके अलावा शहरों में बख्तरबंद गाड़ियां भी गश्त लगा रही हैं, जिससे आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार का यह कदम सराहनीय है, क्योंकि हाल के दिनों में उपद्रवी तत्वों द्वारा धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने की आशंका बढ़ी हुई थी।