Advertisement

पटना में बड़ा हादसा टला: गंगा में टूटी यात्रियों से भरी नाव, तीन बाइक नदी में समाईं; मची अफरा-तफरी

-पटना में बड़ा हादसा टला: गंगा में टूटी यात्रियों से भरी नाव, तीन बाइक नदी में समाईं; मची अफरा-तफरी

पटना। गंगा नदी में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बख्तियारपुर के चिरैया दियारा के पास यात्रियों और सामान से लदी नाव अचानक टूट गई। नाव पर सवार तीन बाइक देखते ही देखते गंगा नदी में गिर गईं। नाव टूटने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए कुछ लोग नदी में कूद पड़े। हालांकि, राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना बुधवार शाम करीब चार बजे की है। बताया जा रहा है कि नाव पर क्षमता से अधिक यात्री और सामान लदे थे। अधिक भार के कारण नाव पानी में काफी नीचे तक बैठ गई थी। इसी दौरान रास्ते में एक सड़क के संपर्क में आने के बाद नाव उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नाव टूट गई और उस पर रखी तीन बाइक गंगा नदी में जा गिरीं।

नाव के अचानक टूटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ लोग घबराकर नदी में कूद गए, जबकि मौके पर मौजूद लोगों और अन्य माध्यमों से कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। गंगा में गिरी तीनों बाइक को निकालने के लिए भी प्रयास किए जाने की जानकारी सामने आई है।

घटना ने गंगा नदी में नावों के जरिए आवागमन करने वाले यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षमता से अधिक यात्रियों और सामान को नाव पर लादे जाने की बात सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के बीच नाव का परिचालन कैसे हो रहा था। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बचाव नहीं होता तो हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।

इस घटना का वीडियो गुरुवार सुबह करीब नौ बजे सामने आया। वीडियो में नाव के सड़क में फंसने और टूटने के बाद की स्थिति दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद यह घटना चर्चा में आ गई है।

फिलहाल, हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, इस घटना ने नावों के परिचालन में सुरक्षा मानकों के पालन और क्षमता से अधिक भार ढोने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि मामले में प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।