Advertisement

नेपाल में भोटेकोशी नदी की बाढ़ से भारी तबाही, 50 पर्यटकों समेत बड़ी संख्या में लोग लापता

-नेपाल में भोटेकोशी नदी की बाढ़ से भारी तबाही, 50 पर्यटकों समेत बड़ी संख्या में लोग लापता

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। नेपाल के रसुवा जिले के रासुवागढ़ी क्षेत्र में बुधवार तड़के भोटेकोशी नदी ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया। तेज बाढ़ की चपेट में आने से कई बस्तियां, सड़कें, पुल और आसपास के इलाके प्रभावित हुए हैं। इस प्राकृतिक आपदा में करीब 50 पर्यटकों समेत एक हजार से अधिक लोगों के बहने या लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
बाढ़ की तेज धारा में सुरक्षा एजेंसियों के जवानों के वाहन समेत कई अन्य संपत्तियां भी बह गईं। बताया जा रहा है कि 41 सुरक्षाकर्मी भी लापता हैं। वहीं, अब तक 13 शव बरामद किए जाने की सूचना है। प्रशासन की ओर से लापता लोगों की तलाश और राहत-बचाव अभियान तेज कर दिया गया है।
चीन सीमा से सटे रसुवा भंसार (कस्टम) क्षेत्र में खड़े पांच से अधिक वाहन भी बाढ़ की चपेट में आकर बह गए। बाढ़ के कारण क्षेत्र में व्यापक स्तर पर नुकसान हुआ है और कई इलाकों में आवागमन बाधित हो गया है।


हालात की गंभीरता को देखते हुए नेपाल सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया है। प्रधानमंत्री ने आपात बैठक बुलाकर स्थिति की समीक्षा की है। वहीं, पांच जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदियों और जलधाराओं के किनारे से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
राहत और बचाव कार्यों के लिए नेपाल सरकार ने 12 हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं। सुरक्षा एवं राहत एजेंसियों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लापता लोगों की तलाश और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटी हैं।
भोटेकोशी नदी की अचानक आई बाढ़ ने रसुवा जिले में भारी तबाही मचा दी है। कई इलाकों में बाढ़ के बाद सिर्फ तबाही का मंजर नजर आ रहा है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन के बीच लापता लोगों की तलाश जारी है और प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।