Advertisement

दूसरी शादी से परेशान पति और तांत्रिक ने मिलकर की पत्नी की हत्या, 3 गिरफ्तार

-दूसरी शादी से परेशान पति और तांत्रिक ने मिलकर की पत्नी की हत्या, 3 गिरफ्तार

मोतिहारी।
पूर्वी चंपारण जिले के पलनवा थाना क्षेत्र में बीते 17 जून को मिली अज्ञात महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस मर्डर मिस्ट्री का खुलासा करते हुए पति, सौतन और एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है।

– पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह

जांच में सामने आया कि मृतका के पति तपेश्वर सहनी ने नेपाल की रहने वाली लक्ष्मी देवी से दूसरी शादी कर रखी थी। इसी को लेकर पति और पहली पत्नी के बीच लगातार झगड़ा होता था। घरेलू कलह से तंग आकर पति ने पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

– तांत्रिक के साथ मिलकर रची साजिश

साजिश में पति का साथ सुगौली थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी तांत्रिक सिकंदर सहनी उर्फ भगत जी और दूसरी पत्नी लक्ष्मी देवी ने दिया। पुलिस के अनुसार तांत्रिक ने विवाद खत्म करने के नाम पर दोनों से 50-50 हजार रुपये मांगे और हत्या की योजना बनाई।

– नेपाल घुमाने के बहाने ले जाकर की हत्या

सिकंदर सहनी ने मृतका को नेपाल घुमाने और वहां संपत्ति का मालिक बनाने का झांसा दिया। भरोसा दिलाकर उसे मोतिहारी बुलाया और फिर तीनों लोकल ट्रेन से रक्सौल की ओर निकले। रास्ते में पलनवा थाना क्षेत्र के मसना डीह हॉल्ट के पास तीनों ने मिलकर महिला का गला दबाकर हत्या कर दी और शव फेंककर फरार हो गए।

– एसआईटी और एफएसएल की टीम ने सुलझाया मामला

घटना के बाद एसडीपीओ मनीष आनंद के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया। एफएसएल और डीआईयू की तकनीकी टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसी के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान की।

– ये हुए गिरफ्तार

1. सिकंदर सहनी उर्फ भगत जी – 46 वर्ष, निवासी भवानीपुर, थाना सुगौली
2. तपेश्वर सहनी – 58 वर्ष, पति, निवासी झिटकहिया, थाना लखौरा
3. लक्ष्मी देवी – 35 वर्ष, दूसरी पत्नी, निवासी बागलुङ, नेपाल शामिल हैं।

बता दें कि पलनवा थाना कांड संख्या 132/2026 दर्ज कर सभी आरोपियों के खिलाफ न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस मामले के उद्भेदन में रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद, अंचल निरीक्षक अनुज कुमार पाण्डेय, थानाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक भीम सिंह, डीआईयू टीम और पलनवा थाना के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।