-मनियारी के पकाही गांव में चोरी की कई घटनाओं का उद्भेदन
-सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद
-ग्रामीणों ने 16 वर्षीय किशोर को पकड़कर पुलिस को सौंपा -थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया के नेतृत्व में छापेमारी
-अन्य आरोपितों की तलाश जारी
मुजफ्फरपुर। जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के पकाही गांव में लगातार हुई चोरी की कई घटनाओं का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है। पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, कपड़े और पीतल के बर्तन समेत कई सामान बरामद किए हैं। मामले में ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर एक 16 वर्षीय किशोर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। मामले की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) एसी ज्ञानी ने प्रेस बयान जारी कर दी।
जानकारी के अनुसार, पकाही गांव में पिछले कुछ दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं।

इससे ग्रामीणों में आक्रोश और असुरक्षा का माहौल था। इसी दौरान सतर्क ग्रामीणों ने एक किशोर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। उसकी पहचान वैशाली जिले के सहदेई गांव निवासी धनेश्वर राम के पुत्र साहिल कुमार के रूप में बताई गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बीते पांच नवंबर की रात चोरों ने अमरनाथ साह, लालती देवी, विपिन कुमार और राजकुमार राम समेत कई लोगों के घरों को निशाना बनाया था। चोरों ने घरों से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, बालियां, मांग टीका, पायल, मंगलसूत्र, मोबाइल फोन, नई साड़ियां और पीतल के बर्तन चोरी कर लिए थे।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए मनियारी थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के सामान बरामद किए। पुलिस के अनुसार, चोरी की घटनाओं में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और चोरी की अन्य घटनाओं से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।











