-कांटी में जुए के बड़े अड्डे का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार; दो लाख से अधिक नकद बरामद
-मिश्रा कॉम्प्लेक्स में चल रहा था जुए का खेल -पुलिस की छापेमारी के दौरान छत से कूदकर एक दर्जन से अधिक जुआरी फरार
कांटी। मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र स्थित नया चौक के समीप मिश्रा कॉम्प्लेक्स में संचालित जुए के बड़े अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एसडीपीओ पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में शुक्रवार की रात करीब 11 बजे हुई छापेमारी में जुआ खेलते छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। मौके से दो लाख चार हजार दो सौ रुपये नकद, आठ मोबाइल और ताश के चार पैकेट बरामद किए गए।
शनिवार को कांटी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में छह नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि कांटी नया चौक स्थित मिश्रा कॉम्प्लेक्स के प्रथम तल पर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद डायल 112 की पुलिस टीम के साथ छापेमारी की गई।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद एक दर्जन से अधिक जुआरी छत से कूदकर फरार हो गए। इनमें कई लोगों के गंभीर रूप से चोटिल होने की भी सूचना है। वहीं, पुलिस ने छह लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कांटी निवासी देव नारायण साह, प्रशांत राज, अमित कुमार, अभिजीत कुमार, धीरज कुमार और दिलीप कुमार सिंह के रूप में हुई है। एसडीपीओ ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपितों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, जुए के अड्डे के संचालन में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत विनोद कुमार मिश्रा और उनके पुत्र शिवू मिश्रा का नाम सामने आया है। दोनों पर लंबे समय से जुए का अड्डा संचालित करने का आरोप है। अड्डे के संचालकों और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।











