Advertisement

जनकपुरधाम में उग्र प्रदर्शन : सरकारी दफ्तरों व नेताओं के घरों पर तोड़फोड़-आगजनी, सेना तैनात

-जनकपुरधाम में उग्र प्रदर्शन : सरकारी दफ्तरों व नेताओं के घरों पर तोड़फोड़-आगजनी, सेना तैनात

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।

जेन जेड युवाओं के आंदोलन ने मंगलवार को जनकपुरधाम में विकराल रूप ले लिया। हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारियों ने मधेश प्रदेश सचिवालय, शिक्षा एवं संस्कृति मंत्रालय, जिला ट्रैफिक कार्यालय, जिला भंसार कार्यालय, उप महानगरपालिका कार्यालय सहित नेपाली कांग्रेस, नेकपा एमाले और माओवादी कार्यालयों में जमकर तोड़फोड़ व आगजनी की।

सबसे भयावह घटना उप-नगरपालिका में हुई, जहां आगजनी के कारण करीब 200 सिलेंडर विस्फोट हुए। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और पूरा भवन ध्वस्त हो गया। वहीं भंसार कार्यालय में जब्त पांच दर्जन से अधिक बाइक और आधा दर्जन चारपहिया वाहन जला दिए गए। मधेश भवन में भी मंत्री की सरकारी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया।

प्रदर्शनकारियों का आक्रोश राजनीतिक नेताओं तक भी पहुंचा। नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विमलेंद्र निधि और नेकपा एमाले के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री के आवास पर आगजनी हुई। विधायक रामाशीष यादव के घर में तोड़फोड़ और कीमती सामान की लूट की खबर है। वहीं जनकपुरधाम के मेयर मनोज कुमार साह के घर पर भी प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया।

हालात बिगड़ने पर मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सतीश कुमार सिंह और उनके पूरे मंत्री मंडल ने इस्तीफा दे दिया है। पूरे शहर में यातायात व्यवस्था ठप है। जनकपुरधाम से काठमांडू की हवाई सेवा बंद कर दी गई है। भारतीय सीमा जटही, भिट्ठा मोड़ और महिनाथपुर तक बस सेवाएं रोक दी गई हैं।

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और नेपाल सशस्त्र बल के जवान चौकसी बढ़ा दिए गए हैं। पूरे जनकपुरधाम में सेना की तैनाती के बाद भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।