-भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच को लेकर पुलिस की तैयारी तेज, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
रांची। धुर्वा स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। 6 अक्टूबर को वरीय पुलिस अधीक्षक रांची की अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर एसपी पारस राणा, यातायात एसपी राकेश सिंह, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी समेत एसीबी, विशेष शाखा, जैप-7, झारखंड सशस्त्र पुलिस-6 तथा मैच ड्यूटी के लिए प्रतिनियुक्त अपर पुलिस अधीक्षक और डीएसपी स्तर के अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में स्टेडियम की आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा, दर्शकों और पासधारियों के प्रवेश, विभिन्न गेट व पैवेलियन तथा वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग व्यवस्था की जानकारी अधिकारियों को दी गई। ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक ब्रीफिंग देने का निर्देश दिया गया।
दर्शकों की फ्रिस्किंग के दौरान स्टेडियम में प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामान ले जाने वालों की जांच को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने मैच के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी स्तरों पर तैयारियां पूरी करने की बात कही है।












