-जनकपुरधाम बनेगा भव्य स्मार्ट सिटी, मेयर के प्रयास से मिली 2 अरब 13 करोड़ की परियोजना
जनकपुरधाम।मधुकर। करोड़ों हिंदुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र जनकपुरधाम के विकास को नई गति मिलने जा रही है। नगर को आधुनिक और व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए अर्बन रेजिलियन्स एंड लिवेबिलिटी इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट (यूआरएलआईपी) के तहत परिक्रमा सड़क सहित विभिन्न आधारभूत संरचना विकास कार्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टेंडर जारी किया गया है।
जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका के मेयर मनोज कुमार साह के लगातार दो वर्षों के प्रयास के बाद नेपाल सरकार और एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के आर्थिक ऋण सहयोग से लगभग 2 अरब 13 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति मिली है। इस परियोजना को जनकपुरधाम के समग्र शहरी विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, प्रथम चरण में करीब 1 अरब 65 करोड़ रुपये की योजनाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि दूसरे चरण की निविदा प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।

परियोजना के तहत जनकपुरधाम की प्रमुख सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण, आधुनिक नाला व्यवस्था, फुटपाथ निर्माण, रोड फर्नीचर, विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ीकरण, पेयजल आपूर्ति, कचरा प्रबंधन तथा शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़े विभिन्न कार्य किए जाएंगे।
मेयर मनोज कुमार साह ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद जनकपुरधाम का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा। इससे न केवल नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जनकपुरधाम आने वाले वर्षों में एक आधुनिक, स्वच्छ और व्यवस्थित स्मार्ट सिटी के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस परियोजना का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे जनकपुरधाम की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और धार्मिक नगरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।














