– जमीनी विवाद में घरों में तोड़फोड़, मारपीट, गोलीबारी एवं बमबाजी की घटना।नाराज लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी।
मुजफ्फरपुर(बिहार)। दीपक कुमार तिवारी।
मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र के हत्था ओपी से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां बैंगरी में जमीनी विवाद को लेकर घर में तोड़फोड़,लोगों के साथ मारपीट, फायरिंग तथा बम बाजी की घटना सामने आई है। घटना के बाद नाराज लोगों ने हत्था ओपी पर पुलिस के खिलाफ बैंगरी चौक के पास सरफुद्दीनपुर-पूसा मुख्य पथ को जाम कर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। इस दौरान सड़क पर आगजनी भी की गई।

यातायात भी प्रभावित रहे। नाराज लोगों का आरोप था कि जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसी पटसारा गांव से सैकड़ों की संख्या में लोग जुटकर उनके घर पर हमला कर दिया। इस दौरान घर के लोगों तथा बीच-बचाव कर रहे लोगों पर जानलेवा हमला भी किया गया। कई राउंड फायरिंग भी की गई तथा बमबाजी भी की गई। माल-मवेशी को भी नुकसान पहुंचाया गया। घर तथा घर में रखे सामान एवं निजी स्कूल के फर्नीचर आदि को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। नाराज लोगों का आरोप था कि हत्था पुलिस मौके पर मौजूद थी और पुलिस की मौजूदगी में हमलावरों के द्वारा लगातार हमले किए जा रहे थे। पुलिस बेबस तमाशबीन बनी रही।

नाराज लोगों का यह भी आरोप था कि जमीनी विवाद के घटनाक्रम को लेकर पहले भी मामला दर्ज है और इन मामलों में पुलिस ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है। घटना की सूचना के बाद डीएसपी पूर्वी के द्वारा मोबाइल पर आश्वासन के बाद नाराज लोग तत्काल मान सके। मौके पर मौजूद दारोगा नासिर खान ने बताया कि पीड़ित पक्ष को घटनाक्रम को लेकर आवेदन देने को कहा गया है। आवेदन के आधार पर पुलिस आवश्यक कार्यवाही करेगी। जमीनी विवाद में मारपीट, फायरिंग की घटना की सूचना पर वे लोग मौके पर पहुंचे थे। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पियर पुलिस भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया जा सका तथा लोगों को समझा कर जाम हटाया जा सका।
















