-जनकपुरधाम में जनजीवन सामान्य, कर्फ्यू हटाया गया; निषेधाज्ञा लागू, सद्भावना रैली निकली
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। जनकपुरधाम में शनिवार सुबह से हालात तेजी से सामान्य होने लगे। सुबह 10 बजे के बाद शहर में जनजीवन पटरी पर लौट आया और करीब 11 बजे धनुषा जिला प्रशासन ने कर्फ्यू हटा लिया। हालांकि, एहतियात के तौर पर निषेधाज्ञा लागू रखते हुए जुलूस निकालने तथा पांच से अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध जारी रखा गया है।
सुबह 10 बजे स्टेशन परिसर से सद्भावना रैली निकाली गई, जिसमें धनुषा के मुख्य जिला अधिकारी (सीडीओ), पुलिस अधीक्षक (एसपी), जनकपुरधाम के मेयर, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया। “हिंदू-मुस्लिम भाई-भाई” के नारों के साथ रैली जानकी मंदिर पहुंची, जहां मंदिर के महंत राम तपेश्वर दास वैष्णव और एक मौलाना ने एक-दूसरे को गले लगाकर सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
रैली के दौरान कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोक दिया।

दोपहर करीब दो बजे नेपाल के गृह मंत्री सुदन गुरुंग ने धनुषा के सीडीओ कार्यालय में नेपाल हिंदू सेना, विश्व हिंदू परिषद, नेपाल हिंदू स्वयंसेवक संघ, साधु-संतों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने सभी पक्षों की समस्याएं सुनीं और प्रदेश में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। गृह मंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
इधर, जनकपुर अंचल बस व्यवसायी संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने भी जिला प्रशासन के साथ बैठक की। बैठक में बस परिचालन बहाल करने पर सकारात्मक सहमति बनी। जानकारी के अनुसार, रविवार से जनकपुरधाम से जटही, भिट्ठामोड़ समेत अन्य मार्गों पर बस सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी।
शहर की अधिकांश व्यावसायिक प्रतिष्ठान शनिवार को खुल गईं, जबकि रविवार से सभी शिक्षण संस्थान और बैंक भी सामान्य रूप से खुलने की संभावना है।
उधर, सिरहा जिले में भी कर्फ्यू हटा लिया गया है, लेकिन सुनसरी के गोलबाजार क्षेत्र में कर्फ्यू अब भी जारी है। भारी सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच प्रदर्शन जारी हैं, हालांकि किसी नई हिंसक घटना की सूचना नहीं मिली है।
जिला प्रशासन ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। वहीं, उपद्रव और हुड़दंग मचाने के आरोप में करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
















