-Breaking: महोत्तरी में 13 दिन से लापता युवक की हत्या, सेफ्टी टैंक से टुकड़ों में मिला शव
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। नेपाल के महोत्तरी जिले में 13 दिनों से लापता 25 वर्षीय युवक की हत्या कर शव के टुकड़ों को सेफ्टी टैंक में छिपाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने भंगहा नगरपालिका-6 के बिरजौनी टोला निवासी विवेक सरदार का शव बलवा नगरपालिका-7 के बनौटा निवासी अशोक ठाकुर के घर के शौचालय के सेफ्टी टैंक से बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, शव टुकड़ों में मिला है। आरोप है कि हत्या के बाद शव को सेफ्टी टैंक में डालकर उसके ऊपर सीमेंट और बालू से प्लास्टर कर दिया गया था। विवेक रक्षाबंधन के दिन से लापता था। काफी तलाश के बाद परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी।
जांच के दौरान पुलिस को विवेक की आखिरी मोबाइल लोकेशन घटनास्थल के आसपास मिली। वहीं, उसका आखिरी फोन कॉल अशोक ठाकुर के बेटे दीपेंद्र ठाकुर की पत्नी के मोबाइल नंबर पर हुआ था। इसके बाद पुलिस ने घर के मालिक अशोक ठाकुर और उसके बेटे दीपेंद्र ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस घटनास्थल तक पहुंची, जहां से विवेक का शव बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका है कि विवेक को फोन कर घर बुलाया गया होगा, जहां उसकी हत्या के बाद शव को टुकड़ों में काटकर सेफ्टी टैंक में छिपा दिया गया।
बताया गया है कि दीपेंद्र ठाकुर की ससुराल संग्रामपुर, भंगहा नगरपालिका-7 में है, जो विवेक के गांव के पड़ोस में स्थित है। विवेक और दीपेंद्र की पत्नी के बीच पहले से जान-पहचान होने की बात सामने आई है। दीपेंद्र विदेश में काम करता था और कुछ दिन पहले ही घर लौटा था।
पुलिस विवेक और दीपेंद्र की पत्नी के बीच संबंध तथा दोनों के बीच हुए फोन संपर्क को भी जांच का महत्वपूर्ण बिंदु मान रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है। पुलिस ने मामले में हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्यों को भी खंगालना शुरू कर दिया है।













