-तीन महिला इन्फ्लुएंसर्स के गंभीर आरोपों के बाद SSB के ASI विकास कुमार निलंबित,जांच जारी
मुजफ्फरपुर। दिल्ली और लखनऊ की तीन महिला इन्फ्लुएंसर्स की ओर से दुष्कर्म, ठगी और अश्लील हरकतों के लगाए गए गंभीर आरोपों के बीच एसएसबी के एएसआई विकास कुमार को निलंबित कर दिया गया है। एसएसबी सेक्टर मुख्यालय ने आरोप लगाने वाली महिलाओं के बयान दर्ज करने के बाद यह प्रशासनिक कार्रवाई की है। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और जांच टीम को तीनों महिलाओं के अलग-अलग बयानों में कुछ बिंदुओं पर विरोधाभास भी मिला है।
निलंबन की अवधि में एएसआई विकास कुमार को एसएसबी सेक्टर मुख्यालय में ही रहने का निर्देश दिया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, उन्हें 24 घंटे सक्षम अधिकारियों की निगरानी में रखा जाएगा और जांच पूरी होने तक निजी आवास पर जाने की अनुमति नहीं होगी। जांच को प्रभावित होने से रोकने तथा डिजिटल साक्ष्यों या गवाहों से छेड़छाड़ की आशंका को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।
आरोपों की जांच के लिए एसएसबी की ओर से तीन सदस्यीय विशेष जांच कमेटी गठित की गई है। गुरुवार को दिल्ली और लखनऊ से पहुंचीं तीन महिला ब्लॉगर्स ने कमेटी के समक्ष उपस्थित होकर अपने बयान दर्ज कराए और उपलब्ध डिजिटल दस्तावेज भी सौंपे। जांच के दौरान तीनों महिलाओं के बयानों में कई बिंदुओं पर अंतर सामने आने की बात कही जा रही है। एसएसबी की टीम सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इधर, लखनऊ की एक महिला ने अहियापुर थाने में सनहा दर्ज करने को लेकर आवेदन दिया है। इसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, दिल्ली की महिला ब्लॉगर ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए नगर थाने में ऑनलाइन आवेदन देने की बात कही थी। हालांकि, शुक्रवार देर शाम तक नगर थाने को ऐसा कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था। पुलिस के अनुसार, संबंधित वेबसाइट और पोर्टल की जांच की गई, लेकिन फिलहाल आवेदन नहीं मिला है।

दिल्ली की महिला द्वारा स्टेशन रोड स्थित एक होटल में दुष्कर्म के लगाए गए आरोपों की जांच के लिए शुक्रवार को एसएसबी की टीम होटल भी पहुंची। टीम ने वहां पहुंचकर घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की।
दूसरी ओर, एएसआई विकास कुमार ने भी महिलाओं के खिलाफ साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। एसएसबी के सेकेंड इन कमान रजनीश कुमार मोलर ने बताया कि एएसआई का बयान दर्ज किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच जारी रहने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
इधर, दिल्ली की महिला ब्लॉगर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी आपबीती बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि स्टेशन रोड स्थित होटल में एएसआई के स्टाफ ने उसे जबरन एक कमरे में रुकवाया और रात में एएसआई के साथ संबंध बनाने का दबाव बनाया गया। महिला ने आरोप लगाया कि इनकार करने पर उसके मासूम बेटे के साथ मारपीट की गई और उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
महिला के अनुसार, शुरुआत में शादी टूटने के डर से उसने घटना के बारे में चुप्पी साधे रखी, लेकिन बाद में अपने पति को पूरी बात बताई। पति से हिम्मत मिलने के बाद उसने नगर थाने में ऑनलाइन शिकायत करने और एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष अपना बयान दर्ज कराने की बात कही है।
हालांकि, महिला द्वारा लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। एसएसबी की विशेष जांच कमेटी और पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













