-बेनीबाद में 772.56 लीटर शराब की बड़ी खेप बरामद, पिकअप जब्त; कारोबारी फरार
दीपक कुमार/गायघाट
बेनीबाद थाना क्षेत्र के महेशवारा गांव में दुर्गा मंदिर के पीछे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 772.56 लीटर विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से शराब लदी एक पिकअप वाहन को भी जब्त किया है। कार्रवाई बेनीबाद थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर महेशवारा गांव में छापेमारी की गई थी। पुलिस टीम को देखते ही शराब का कारोबारी मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन की तलाशी ली, जिसमें केले के नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

बेनीबाद थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शराब और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है। फरार शराब कारोबारी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।













