Advertisement

कांटी में मूक-बधिर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले किया

-कांटी में मूक-बधिर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले किया

मुजफ्फरपुर। कांटी थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार देर रात मूक-बधिर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी उसी गांव का दामाद बताया जा रहा है और उसका घर गायघाट थाना क्षेत्र के बहुआरा में बताया गया है। पुलिस ने नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पीड़िता के परिजनों की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
परिजनों के अनुसार, नाबालिग शुक्रवार रात घर से पानी लेने के लिए चापाकल पर गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान बारिश भी शुरू हो गई। परिजनों ने आरोपी से भी लड़की के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन उसने कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया।
परिजन बारिश के बीच लड़की को आसपास खोजते रहे। इसी दौरान उन्हें लड़की के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में पहुंचने पर आरोप है कि नाबालिग आरोपी के घर के अंदर मिली। इसके बाद आरोपी ने उसे बाहर निकाल दिया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मूक-बधिर नाबालिग ने इशारे के माध्यम से परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और कुछ लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी।


स्थिति बिगड़ने की सूचना स्थानीय लोगों ने कांटी थाना पुलिस और डायल-112 को दी। भीड़ से बचने के लिए आरोपी अपने घर के अंदर चला गया और दरवाजा बंद कर लिया। पुलिस टीम के पहुंचने के बाद भी वह दरवाजा खोलने को तैयार नहीं था। पुलिस द्वारा दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने की बात कहे जाने पर आरोपी ने दरवाजा खोल दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे भीड़ से बचाते हुए हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
स्थानीय लोगों ने आरोपी पर आपराधिक प्रवृत्ति का होने का आरोप लगाया है। लोगों के अनुसार, कुछ माह पहले भी उसके खिलाफ घर में घुसकर चोरी करने को लेकर आवेदन दिया गया था। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने बताया कि स्थानीय लोगों ने एक दिव्यांग नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति को पुलिस के हवाले किया है। नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक पीड़िता के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। मेडिकल जांच की रिपोर्ट और आवेदन के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।