Advertisement

बकाया पैसे मांगने गए कपड़ा दुकानदार का बोतल से गला रेता, SKMCH में हालत नाजुक

-बकाया पैसे मांगने गए कपड़ा दुकानदार का बोतल से गला रेता, SKMCH में हालत नाजुक

मुजफ्फरपुर। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बरियारपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में बकाया राशि मांगने गए 25 वर्षीय कपड़ा दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने शीशे की बोतल से युवक का गला रेत दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, सकरा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी राजेंद्र राय का 25 वर्षीय पुत्र पवन कुमार कपड़े का कारोबार करता है। वह सुंदरपुर निवासी शशि झा के घर अपने कपड़ों की पुरानी बकाया राशि मांगने गया था। इसी दौरान पैसे के लेन-देन को लेकर शशि झा और उसके साथियों से विवाद हो गया।


आरोप है कि विवाद बढ़ने पर शशि झा ने अपने दो अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर पवन कुमार पर शीशे की बोतल से हमला कर दिया। हमले में उसका गला गंभीर रूप से कट गया और वह खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल पवन को आनन-फानन में एसकेएमसीएच पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक उसका इलाज कर रहे हैं। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बरियारपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। एसडीपीओ ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया बकाया पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद में पवन कुमार पर हमला किए जाने की बात सामने आई है। परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।