Advertisement

राजापाकर में पूर्व मंत्री तुलसीदास मेहता की सातवीं पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि

-राजापाकर में पूर्व मंत्री तुलसीदास मेहता की सातवीं पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। राष्ट्रीय जनता दल के कद्दावर नेता, पूर्व मंत्री एवं विधायक स्वर्गीय तुलसीदास मेहता की सातवीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन राजद नेता शंभू राय के आवासीय परिसर में किया गया। इस दौरान उपस्थित राजद कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने स्वर्गीय तुलसीदास मेहता के तैलचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद के प्रदेश सचिव तपसी प्रसाद सिंह ने की। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय तुलसीदास मेहता जंदाहा विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रहे, जो वर्तमान में राजापाकर विधानसभा क्षेत्र के नाम से जाना जाता है। उन्होंने राजद सरकार में तीन बार मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली और बिजली, वन एवं सहकारिता जैसे महत्वपूर्ण विभागों का प्रभार भी संभाला था।

तपसी प्रसाद सिंह ने कहा कि राजापाकर प्रखंड के निर्माण में स्वर्गीय तुलसीदास मेहता की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। वे मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ जनप्रतिनिधि थे। उनका जनता से गहरा जुड़ाव था और वे हमेशा लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनने तथा उनके समाधान का प्रयास करते थे। उन्होंने कहा कि आज के जनप्रतिनिधियों और स्वर्गीय तुलसीदास मेहता के कार्यशैली में जमीन-आसमान का अंतर था।

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय तुलसीदास मेहता के ज्येष्ठ पुत्र आलोक मेहता आज भी राजद के कद्दावर नेताओं में शामिल हैं और पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मौके पर शिक्षाविद रामसरिख प्रसाद सिंह, तपसी प्रसाद सिंह, चतुर्भुज राय, शंभू राय, सतीश कुमार, अनिल कुमार यादव, रवींद्र राय, शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, त्रिवेणी राय, रामदेव राय, अजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।