-राष्ट्रीय लोक अदालत में उमड़ी भीड़, 953 वाहनों के 3113 लंबित ट्रैफिक चालान का निपटारा
मुजफ्फरपुर। शहर के सिकंदरपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित ट्रैफिक चालान का निपटारा कराने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। खासकर लंबे समय से लंबित ई-चालान और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों के निपटारे को लेकर वाहन मालिकों में खासा उत्साह दिखा। सुबह से ही स्टेडियम परिसर में चालान जमा करने और मामलों के निष्पादन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।
राष्ट्रीय लोक अदालत में त्वरित निष्पादन की प्रक्रिया के तहत अब तक 953 वाहनों के कुल 3113 लंबित चालानों का निपटारा किया जा चुका है। इससे करीब 25 लाख रुपये के राजस्व की प्राप्ति हुई है। अधिकारियों के अनुसार, शाम तक चालान के निपटारे और राजस्व प्राप्ति का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।

वाहन मालिकों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेडियम परिसर में विशेष काउंटर और स्पेशल बेंच बनाए गए हैं। इन काउंटरों के माध्यम से लोगों को अपने लंबित चालानों से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने और मामलों का त्वरित निपटारा कराने में सुविधा मिल रही है।
राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी सहमति और नियमानुसार मिलने वाली छूट का लाभ उठाते हुए बड़ी संख्या में वाहन मालिक अपने पुराने चालानों का निपटारा करा रहे हैं। इससे लोगों को लंबित मामलों से राहत मिल रही है।
डीटीओ प्रियंका सिन्हा ने बताया कि चालानों का पहले से सत्यापन किए जाने के कारण उनके निष्पादन में काफी आसानी हो रही है। उन्होंने बताया कि प्रक्रिया को सरल और तेज रखने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, दिन समाप्त होने तक निपटाए गए चालानों और प्राप्त राजस्व की संख्या में और वृद्धि हो सकती है।













