-हार्डवेयर गोदाम की आड़ में चल रहा था शराब का धंधा, 64 कार्टन विदेशी शराब जब्त
-करजा के पकड़ी पकोही में उत्पाद विभाग की छापेमारी
-ऑटो चालक गिरफ्तार; गोदाम संचालक धीरज कुमार फरार
मुजफ्फरपुर। जिले में शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम को बड़ी सफलता मिली है। करजा थाना क्षेत्र के पकड़ी पकोही गांव में हार्डवेयर सामान के गोदाम की आड़ में संचालित अवैध शराब के कारोबार का खुलासा हुआ है। छापेमारी के दौरान टीम ने एक ऑटो और गोदाम से कुल 64 कार्टन उत्तर प्रदेश निर्मित विदेशी शराब बरामद की है। मौके से ऑटो चालक अंजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गोदाम संचालक और कथित मुख्य धंधेबाज धीरज कुमार फरार हो गया।
उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पकड़ी पकोही गांव में हार्डवेयर गोदाम की आड़ में बड़े पैमाने पर शराब की तस्करी और बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। इसी दौरान रास्ते में एक संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी ली गई। ऑटो से 12 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद चालक अंजीत कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान ऑटो चालक ने पकड़ी पकोही गांव स्थित गोदाम में शराब छिपाकर रखे जाने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर उत्पाद विभाग की टीम ने तत्काल गोदाम में छापेमारी की। हालांकि, टीम के पहुंचने की भनक लगते ही गोदाम संचालक धीरज कुमार मौके से फरार हो गया।
गोदाम की तलाशी लेने पर लोहे के सामान से भरी बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई 52 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। इस तरह ऑटो से 12 और गोदाम से 52 कार्टन मिलाकर कुल 64 कार्टन शराब जब्त की गई। इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने गोदाम को विधिवत सील कर दिया।
उत्पाद विभाग के अनुसार, हार्डवेयर कारोबार की आड़ में लंबे समय से अवैध शराब का धंधा संचालित किए जाने की आशंका है। गिरफ्तार ऑटो चालक से पूछताछ के आधार पर इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, फरार गोदाम संचालक धीरज कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से इलाके में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।












