-गायघाट में संविधान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
-युवाओं को विज्ञान और कानूनी शिक्षा के प्रति किया जागरूक
बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समानता, स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय का लिया संकल्प
गायघाट (दीपक कुमार)। गायघाट प्रखंड मुख्यालय स्थित अंबेडकर पार्क में संविधान दिवस के अवसर पर अंबेडकर विचार मंच की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समाजसेवियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता भरत पासवान ने की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकार, सम्मान और समान अवसर की बुनियाद है। आज के दौर में युवाओं को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि विज्ञान, संविधान और कानूनी शिक्षा के प्रति भी जागरूक होना जरूरी है।

वक्ताओं ने कहा कि संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक न्याय की भावना को समझना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। समाज में व्याप्त अंधविश्वास, रूढ़िवादी सोच और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए शिक्षित युवाओं एवं समाजसेवियों को आगे आने की जरूरत है। लोगों के बीच वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ शिक्षा और कानून के प्रति जागरूकता फैलाने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करते हुए समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय पर आधारित समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के सम्मान, अधिकार और समान अवसर का आधार है।
मौके पर पूर्व जिला परिषद सदस्य जितेंद्र यादव, अंकित झा, सुरेश राम, गणेश दास, विनोद कुमार, रामपुकार सहनी, अंकित आनंद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।












