-कपरपुरा स्टेशन के पास चलती ट्रेन पर पथराव का वीडियो वायरल
-यात्रियों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
-खिड़कियों पर पत्थर और ईंट फेंकने का आरोप
-आरपीएफ ने लिया संज्ञान; मोतिहारी आरपीएफ को जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर-मोतिहारी रेलखंड स्थित कपरपुरा स्टेशन के पास चलती ट्रेन पर पथराव किए जाने का एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में हलचल मच गई है। सोशल मीडिया पर आरपीएफ को टैग करते हुए इस घटना की शिकायत की गई है। इसके बाद रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
वायरल वीडियो के साथ की गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कपरपुरा स्टेशन के पास कुछ महिलाएं गुजरती हुई ट्रेन की खिड़कियों को निशाना बनाकर पत्थर और ईंट फेंक रही हैं।

शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि इस घटना में ट्रेन के अंदर बैठे कई यात्री घायल हुए हैं। हालांकि, यात्रियों के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो वायरल होने के बाद रेल यात्रियों के बीच भी घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ईस्ट सेंट्रल रेलवे और आरपीएफ समस्तीपुर मंडल के वरीय अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। अधिकारियों ने आरपीएफ पोस्ट मोतिहारी को पूरे मामले की गहन जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। इसके बाद आरपीएफ की टीम वायरल वीडियो की पड़ताल में जुट गई है।
प्रारंभिक जांच में वीडियो में कपरपुरा स्टेशन का नाम लिखा बोर्ड दिखाई दे रहा है, जिससे घटनास्थल की पहचान हुई है। हालांकि, पथराव किस ट्रेन पर किया गया और वीडियो किस तारीख का है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आरपीएफ मोतिहारी की टीम तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर पूछताछ के जरिए वीडियो की सत्यता तथा घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
रेलवे प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जांच में दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












