Advertisement

मुजफ्फरपुर के राज आर्यन नाइजीरिया में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

-मुजफ्फरपुर के राज आर्यन नाइजीरिया में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

मुजफ्फरपुर, 29 जुलाई: मुजफ्फरपुर के युवा शतरंज खिलाड़ी एवं पीएमसीएच, पटना के एमबीबीएस छात्र राज आर्यन 31 जुलाई को नाइजीरिया के लिए रवाना होंगे। वे 1 से 8 अगस्त 2026 तक अबुजा में आयोजित FIDE वर्ल्ड एमेच्योर रैपिड एवं ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

राज आर्यन इससे पूर्व एशियन एमेच्योर रैपिड शतरंज चैंपियनशिप (अंडर-1700) में स्वर्ण पदक जीतकर बिहार और देश का गौरव बढ़ा चुके हैं। वे अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने दिवंगत नाना स्वर्गीय देव लाल पासवान एवं नानी श्रीमती निर्मला देवी को देते हैं। राज बताते हैं कि उनके नाना का सपना आज भी उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है, जबकि उनकी नानी निरंतर उनका हौसला बढ़ाते हुए यही कामना करती हैं कि वे अपने परिवार, बिहार और देश का नाम इसी तरह विश्व पटल पर रोशन करते रहें।

राज आर्यन बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA) की ‘उत्कर्ष छात्रवृत्ति’ के लाभार्थी हैं। इसी छात्रवृत्ति के अंतर्गत उन्हें इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आर्थिक एवं अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

राज के चयन से मुजफ्फरपुर एवं बिहार के खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है तथा सभी ने उनके सफल प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।