Advertisement

जिहुली में दोहरी हत्या पर जन सुराज का दौरा, पीड़ित परिवार से मिले नेता

-जिहुली में दोहरी हत्या पर जन सुराज का दौरा, पीड़ित परिवार से मिले नेता

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में 9 सितंबर को हुई दोहरी हत्या के बाद मंगलवार को जन सुराज का शिष्टमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। शिष्टमंडल का नेतृत्व जन सुराज के अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष मिनहाज अहमद ने किया।

पीड़ित परिवार के अनुसार, पानी के बहाव को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हुई थी। इसी दौरान जमीर अख्तर और मदीना खातून की हत्या कर दी गई। दोनों मृतक अल्पसंख्यक समाज से थे और उनका परिवार मजदूरी पर निर्भर बताया गया है।

ग्रामीणों ने शिष्टमंडल को बताया कि गांव में जातीय भेदभाव की स्थिति नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों समुदायों के लोग एक-दूसरे के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में भी शामिल होते हैं।

जन सुराज के नेताओं ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और उन्हें सांत्वना दी। शिष्टमंडल ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की। पार्टी की ओर से मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग भी की गई।

शिष्टमंडल में चिरैया विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी संजय सिंह, ढाका के पूर्व प्रत्याशी डॉ. एल.बी. प्रसाद, वीर प्रसाद महतो, प्रभारी जिला अध्यक्ष विजय कुशवाहा, कोषाध्यक्ष रवीश मिश्रा, अरुण तिवारी सहित दर्जनों नेता शामिल थे।

बताया गया कि पुलिस ने मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि आकाश सिंह और हर्ष सिंह को मुख्य आरोपी बताते हुए उनके फरार होने की जानकारी दी गई है। मामले में एसपी द्वारा संबंधित थानाध्यक्ष को निलंबित किए जाने की भी बात सामने आई है।