-जनकपुरधाम में जीवन पटरी पर लौटा, सभी कार्यालय खुले
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर
जनकपुरधाम में मंगलवार को जन Z (युवाओं) द्वारा हुई आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद अब हालात सामान्य होते दिख रहे हैं। रविवार से उपमहानगरपालिका कार्यालय सहित सभी शासकीय कार्यालय, अदालतें और बैंक फिर से खुल गए हैं। कार्यालयों में पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे, हालांकि सेवाग्राहियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कम रही।

बैंकों में लेन-देन सामान्य रूप से हुआ जबकि बाजार में ग्राहकों की चहल-पहल में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिली। जनकपुरधाम से काठमांडू के लिए हवाई सेवा भी बहाल हो गई है। इसके अलावा जनकपुरधाम से काठमांडू समेत अन्य शहरों के लिए बस सेवा सुचारू कर दी गई है।
नेपाल-भारत सीमा को भी खोल दिया गया है। यहां सघन जांच के बाद ही पैदल यात्रियों और वाहनों को प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। सोमवार से जनकपुरधाम के सभी निजी और सरकारी शिक्षण संस्थानों को भी खोलने का निर्णय लिया गया है।














