-जनकपुरधाम में भड़का आक्रोश : सरकारी दफ्तरों व नेताओं के घरों में आगजनी
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
सोमवार को सोशल मीडिया सेंसरशिप और भ्रष्टाचार के खिलाफ जेन जेड युवाओं के आंदोलन पर काठमांडू में हुई पुलिस गोलीबारी ने हालात और बिगाड़ दिए। गोलीकांड में 20 प्रदर्शनकारियों की मौत और 400 से अधिक घायल होने के बाद मंगलवार को पूरे नेपाल के विभिन्न शहरों में उग्र प्रदर्शन शुरू हो गया।
जनकपुरधाम में आक्रोशित युवाओं ने मधेश प्रदेश सचिवालय, सीडीओ कार्यालय, भंसार कार्यालय, जिला ट्रैफिक कार्यालय सहित कई सरकारी दफ्तरों में जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की।

इसी क्रम में आंदोलनकारियों ने पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विमलेंद्र निधि के मिल्स एरिया स्थित आवास और नेकपा एमाले के वरिष्ठ नेता व पूर्व उप प्रधानमंत्री रघुवीर महासेठ के ब्रह्मपुरी स्थित घर में भी आगजनी की।
स्थिति की गंभीरता के बावजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही, जिससे आक्रोश और बढ़ गया है। जनकपुरधाम ही नहीं बल्कि नेपाल के विभिन्न जिलों में भी प्रदर्शन जारी हैं और हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।















