Advertisement

भारत-नेपाल का रिश्ता गंगा जैसा पवित्र : प्रभु साह

-भारत-नेपाल का रिश्ता गंगा जैसा पवित्र : प्रभु साह

जनकपुरधाम/नई दिल्ली।मधुकर।

आम प्रवासी नेपाली एकता समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में आम जनता पार्टी (आजपा) के अध्यक्ष प्रभु साह ने रविवार को भ्रष्टाचार और लूटतंत्र के खिलाफ तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि देश और जनता का खून-पसीना चूसने वालों को सत्ता से खदेड़ा जाए।

साह ने कहा कि राजनीति के नाम पर व्यापार करने और महल बनाने वालों के दिन अब लदने वाले हैं। अगर युवा पीढ़ी समय रहते प्रति-आंदोलन की शुरुआत नहीं करेगी तो देश बर्बाद हो जाएगा। उन्होंने बांग्लादेश में छात्रों के आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि नेपाल के युवाओं को भी आगे आना होगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि आज आम नेपाली जनता गरीबी और अभाव में जी रही है, जबकि नेताओं के बच्चे विदेशों में ब्रांडेड कपड़े पहनकर ऐशो-आराम की जिंदगी जी रहे हैं। “जिन्होंने भ्रष्टाचार से देश को लूटा और अपनी संपत्ति विदेशों में जमा की, उन्हें जनता की अदालत में सख्त सजा मिलनी चाहिए।”

साह ने कहा कि नेपाल और भारत का रिश्ता गंगा की तरह पवित्र है। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की संसद को संबोधित करते हुए कहा था कि नेपाल के पानी और जवानी पर गर्व है। अगर नेपाल अपनी नदियों से जलविद्युत उत्पादन करे तो वह “वाटर डालर” कमा सकता है और समृद्ध राष्ट्र बन सकता है।

आजपा अध्यक्ष ने कहा कि नेपाल के तीन करोड़ की आबादी में से लगभग 80 लाख युवा विदेशों में काम करने को मजबूर हैं। यदि नेपाल में कृषि, पशुपालन और उद्योग को बढ़ावा मिले तो युवाओं को पलायन नहीं करना पड़ेगा।

साह ने मौजूदा नेपाली कांग्रेस और सीपीएन-यूएमएल गठबंधन सरकार को अलोकतांत्रिक, असंवैधानिक और भ्रष्टाचार से ग्रस्त बताते हुए कहा कि अब जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री ओली पर तुगलकी फरमान जारी कर सामाजिक संजाल (सोशल मीडिया) बंद करने का आरोप भी लगाया।