Advertisement

स्व. राजेश्वर नेपाली अभिनंदन ग्रंथ का राष्ट्रपति ने किया लोकार्पण

-स्व. राजेश्वर नेपाली अभिनंदन ग्रंथ का राष्ट्रपति ने किया लोकार्पण

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।

प्रेस स्वतंत्रता सेनानी एवं लोकमत साप्ताहिक समाचार पत्र (हिंदी) के संस्थापक संपादक स्वर्गीय राजेश्वर नेपाली की जयंती अवसर पर गुरुवार को उनकी स्मृति में तैयार किए गए ‘राजेश्वर नेपाली अभिनंदन ग्रंथावली’ का विमोचन किया गया। काठमांडू स्थित शीतल निवास के राष्ट्रपति भवन के विशिष्ट कक्ष में नेपाल के महामहिम राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने इस ग्रंथ का लोकार्पण किया।

यह अभिनंदन ग्रंथावली स्व. नेपाली के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित एक विशाल संकलन है, जिसमें एक हज़ार से अधिक व्यक्तियों के अनुभव और लेख शामिल हैं।

समारोह को संबोधित करते हुए महामहिम राष्ट्रपति ने कहा कि “स्व. राजेश्वर नेपाली एक योद्धा पुरुष थे, जिन्होंने छात्र जीवन से ही प्रजातंत्र की स्थापना हेतु कलम और संघर्ष दोनों से भूमिका निभाई।” उन्होंने बताया कि निरंकुश राजशाही काल में राजेश्वर नेपाली को कई बार जेल भी जाना पड़ा, लेकिन उनके संघर्ष की लौ कभी मंद नहीं हुई।

राष्ट्रपति ने यह भी उल्लेख किया कि नेपाली ने जीवन भर जनकपुरधाम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया।

लोकार्पण समारोह में स्व. नेपाली के सुपुत्र राघवेंद्र साह तथा मधेश प्रदेश के सभापति रामचंद्र मंडल विशेष रूप से मंचासीन रहे। इस अवसर पर कई वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार और बुद्धिजीवी भी उपस्थित थे, जिन्होंने स्व. नेपाली के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।