-जनकपुरधाम में मनाया गया 18वां पुस्तकालय दिवस, श्याम सुंदर शशि की पुस्तक पर परिचर्चा
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
मैथिली विकास कोष, जनकपुरधाम के सभागार में रविवार को 18वां पुस्तकालय दिवस बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर की अध्यक्षता मैथिली विकास कोष के अध्यक्ष श्री जीव नाथ चौधरी ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन राजर्षि जनक विश्वविद्यालय के उपकुलपति डॉ. अमर प्रसाद यादव ने किया।
इस मौके पर युवा साहित्यकार प्रो. श्याम सुंदर शशि की जनकपुरधाम के इतिहास पर आधारित पुस्तक पर विशेष परिचर्चा आयोजित की गई। परिचर्चा में वक्ताओं ने पुस्तक की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लेखक ने जनकपुरधाम के जानकी मंदिर, राम मंदिर, विभिन्न मठ-मंदिरों और सरोवरों को धार्मिक व ऐतिहासिक तथ्यों के साथ प्रस्तुत कर जनकपुरधाम की महिमा को उजागर किया है।

कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि एवं वक्ताओं के रूप में प्रो. डॉ. सुरेंद्र लाभ, साहित्यकार रमेश रंजन, तमलोपा अध्यक्ष बृषेश चंद्र लाल, डॉ. विजय कुमार सिंह, मेयर मनोज कुमार साह, शीतल झा, परमेश्वर कापड़ि, निर्मल चौधरी, नित्यानंद मंडल सहित कई विद्वानों ने विचार रखे।
वक्ताओं ने जहाँ पुस्तक की खूबियों को सराहा, वहीं कुछ कमियों की ओर भी संकेत करते हुए लेखक से अगले संस्करण में सुधार लाने का सुझाव दिया। साथ ही मैथिली विकास कोष पुस्तकालय को और अधिक समृद्ध बनाने पर जोर दिया गया।















